Rani Sati Dadi temple: नारायणी सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर द्वारा निर्मित श्री राणी सती दादी जी का भव्य मंदिर सोनारी भूतनाथ मंदिर परिसर में बनकर तैयार हो गया है। इस मंदिर में माँ राणी सती दादी जी के साथ लखदातार श्री श्याम प्रभु और सालासर श्री बालाजी महाराज भी विराजमान होंगे। मंदिर में छह दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम 1 से 6 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम को विधि-विधान से सम्पन्न कराने के लिए बनारस से आठ विद्वान पंडित दीपक पुरोहित के नेतृत्व में पहुंच रहे हैं। बुधवार को नारायणी सेवा ट्रस्ट के अधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि राजस्थान से विग्रह, ज्योत और पावन ईंट लेकर ट्रस्ट की छह सदस्यीय टीम बुधवार सुबह ही जमशेदपुर लौटी है।
छह दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इनमें कलश यात्रा, दादी जी का मंगल पाठ, चुनरी उत्सव, भव्य शोभा यात्रा, नगर भ्रमण, हनुमान चालीसा, देव दीवाली उत्सव, श्याम बाबा और सालासर बालाजी के भजनों का कार्यक्रम शामिल हैं।मंगल पाठ और भजन संध्या के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से प्रसिद्ध कलाकार आमंत्रित किए गए हैं — सूरत से सुरभि बिरूजका, आगरा से संगीता अग्रवाल, कोलकाता से विवेक शर्मा और गुप्त काशी-सोनभद्र से संजीव शर्मा अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर करेंगे।
ट्रस्ट ने बताया कि श्रद्धालु सवामणी का भोग, निशान और मंगल पाठ कूपन के लिए ट्रस्ट सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं। ट्रस्ट ने सभी भक्तगणों से इस महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।


