President Visit Prep: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी जमशेदपुर और सरायकेला दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल और आवागमन के मार्गों को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को वाणिज्य कर सचिव अमिताभ कौशल, एडीजी सहित अन्य राज्य स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, प्रवेश और निकास मार्गों समेत तमाम व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के महासचिव रविंद्र नाथ मुर्मू ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी संभावित सुरक्षा जोखिम से बचने के लिए सभी गड्ढों और तकनीकी खामियों को दूर किया जा रहा है। प्रवेश और निकास के लिए विस्तृत प्लान तैयार किया गया है, ताकि डेलीगेट्स और आम लोगों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके। मुख्य कार्यक्रम स्थल में सभी को निर्धारित गेट से ही प्रवेश और निकास की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डेलीगेट्स की संख्या लगभग 700 से 800 के बीच अनुमानित है। पहले यह संख्या 350 निर्धारित की गई थी, लेकिन स्थल के विस्तार के बाद इसमें वृद्धि की गई है। देश के विभिन्न राज्यों जैसे असम, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और बिहार से डेलीगेट्स कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचेंगे।
यह कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें 29 तारीख को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 100 डेलीगेट्स को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन शेड्यूल के अनुसार प्रत्येक सम्मान समारोह के लिए 10 से 12 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। रविंद्र नाथ मुर्मू ने बताया कि स्थल निरीक्षण के बाद प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी हों और राष्ट्रपति की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। स्टेज से लेकर आवागमन रूट और अन्य सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।


