President Visit Jamshedpur: जमशेदपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर से गुजर रहे हाई वोल्टेज विद्युत तार को बुधवार को हटा दिया गया। विद्युत विभाग के कर्मचारी सुबह से ही मौके पर मौजूद रहकर तार हटाने का कार्य करते रहे। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए सभी तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की गहन समीक्षा की जा रही है।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जुगसलाई-स्टेशन मार्ग सहित प्रमुख सड़कों की साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। सड़क किनारे जमा कचरे को हटाया जा रहा है और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक प्लान पर काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार निरीक्षण कर हर स्तर पर निगरानी बनाए हुए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को जमशेदपुर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला जमशेदपुर दौरा होगा। इस दौरान वे करनडीह स्थित जाहेर स्थान परिसर में ऑल इंडिया संताली राइटर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ओलचिकी लिपि शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।
समारोह के दौरान राष्ट्रपति संताली भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकारों को सम्मानित करेंगी। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर साहित्य जगत के साथ-साथ आदिवासी समाज में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम को सांस्कृतिक पहचान और भाषा संरक्षण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ऑल इंडिया संताली राइटर्स एसोसिएशन के महासचिव रविन्द्र मुर्मू ने बताया कि हॉल में सीमित बैठने की व्यवस्था होने के कारण कार्यक्रम खुले मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जर्मन हैंगर टेंट लगाया जाएगा। इस समारोह में देशभर से करीब 600 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेंगी। जमशेदपुर के बाद वे आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भी शिरकत करेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।


