Palamu Crime News: पलामू के नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव में सहिया गीता देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना दुर्गा पूजा के दौरान हुई थी. पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात गीता देवी पूजा पंडाल से घर लौट रही थीं. इसी दौरान रास्ते में चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट की.
पहचान होने के डर से हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को डर था कि गीता देवी उन्हें पहचान लेंगी. इसी वजह से उन्होंने कथित तौर पर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी. बाद में महिला का शव धान के खेत में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था. घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपरंजन पांडेय उर्फ छोटू, रोहित पांडेय, आकाश शुक्ला उर्फ भूलन शुक्ला और विक्की पासवां उर्फ विकास पासवान के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए आभूषण, चार मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद की है. इसके अलावा एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल और हल्के रंग की अपाची बाइक भी जब्त की गई है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
दुष्कर्म की आशंका
इस मामले में महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई है. हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.


