Nepal Plane Skid: रक्सौल। नेपाल के झापा जिले स्थित भद्रपुर हवाई अड्डे पर शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बुद्धा एयरलाइंस का एक यात्री विमान क्रैश लैंडिंग का शिकार हो गया। काठमांडू से भद्रपुर आ रही उड़ान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गई और नियंत्रित क्षेत्र से बाहर जाकर झाड़ियों और घास वाले इलाके में जा रुकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुद्धा एयर का एटीआर-72 विमान (फ्लाइट नंबर 901) रात करीब 9 बजे भद्रपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर रहा था। इसी दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे से लगभग 200 मीटर आगे निकलकर जमीन पर फिसलते हुए रुक गया। घटना के समय विमान में चार क्रू मेंबर सहित कुल 51 यात्री सवार थे।
झापा के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) शिवराम गेलल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान के फिसलने की घटना में सात यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे के तुरंत बाद पुलिस, हवाई अड्डा प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे में चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान विमान के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है
विमान हादसे के कारणों का फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर लैंडिंग के समय तकनीकी या रनवे से जुड़ी समस्या की आशंका जताई जा रही है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण द्वारा घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।


