Natural Date Jaggery: जमशेदपुर में ठंड पड़ते ही बाजारों में खजूर गुड़ की सोंधी खुशबू फैल जाती है। यह मौसम न केवल गुड़ खाने का उपयुक्त समय माना जाता है बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी इसे बेहद लाभकारी बताया जाता है। शहर में हर साल की तरह इस बार भी खजूर गुड़ की मांग तेजी से बढ़ी है।
खास बात यह है कि जमशेदपुर से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी यह गुड़ पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से तैयार किया जा रहा है। जमशेदपुर-से-पटमदा मुख्य सड़क पर दर्जनों स्थानों पर ग्रामीण कारीगर खुले चूल्हों पर खजूर का ताजा रस उबालते दिखाई देते हैं। यहां न किसी मशीन का इस्तेमाल होता है और न ही किसी तरह का केमिकल। केवल मिट्टी के चूल्हे, बड़ी देगचियां और प्रकृति की गोद—इन्हीं के सहारे खजूर का रस गुड़ में तब्दील होता है।
ग्रामीणों का मानना है कि प्राकृतिक तरीके से तैयार खजूर गुड़ न केवल अधिक स्वादिष्ट होता है, बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी माना जाता है। पारंपरिक पद्धति के कारण इसमें मिलावट की संभावना बेहद कम रहती है। यही वजह है कि शहर के लोग भी इन स्थानों से सीधे गुड़ खरीदना पसंद करते हैं।
इस पूरी प्रक्रिया का जायजा हमारे संवाददाता मनप्रीत सिंह ने खुद मौके पर जाकर लिया। सड़क किनारे बने अस्थायी उत्पादन केंद्रों पर कारीगर सुबह-सुबह खजूर का रस इकट्ठा करते हैं और उसे लगातार पकाकर गाढ़ा करते जाते हैं। कई घंटों की मेहनत के बाद तैयार होने वाला यह गुड़ अपनी प्राकृतिक मिठास और सुगंध के लिए दूर-दूर तक मशहूर है।


