National Herald Protest: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर झारखंड कांग्रेस ने राजधानी रांची में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 2 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू मैदान से भाजपा कार्यालय की ओर मार्च करते हुए निकले और वहां पहुंचकर भाजपा कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा और कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंच गए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखा गया, हालांकि मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया। उनके साथ कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। नेताओं ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक बदले की भावना से गांधी परिवार को नेशनल हेराल्ड मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लोकतंत्र पर सीधा हमला है और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी इस मुद्दे पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि यह पूरी कार्रवाई एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है, जिसका उद्देश्य केवल गांधी परिवार को बदनाम करना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता इतने डरे हुए थे कि वे अपने कार्यालय से बाहर तक नहीं आए।
कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली की अदालत द्वारा ईडी की शिकायत पर संज्ञान लेने से इनकार किए जाने को सत्य की जीत करार दिया। पार्टी का कहना है कि अदालत के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि गांधी परिवार के खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेशनल हेराल्ड मामले को बेवजह तूल देकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि राजनीतिक प्रतिशोध की यह कार्रवाई नहीं रुकी, तो कांग्रेस आने वाले दिनों में अपना आंदोलन और तेज करेगी।


