Mithila Calendar Released: जमशेदपुर स्थित मिथिला सांस्कृतिक परिषद की ओर से परिषद के वार्षिक कैलेंडर, मिथिला पंचांग तथा वार्षिक मुखपत्र ‘स्मारिका’ का भव्य विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन मिथिला की सांस्कृतिक, धार्मिक और साहित्यिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में परिषद के पूर्व अध्यक्ष विद्युत शाह समेत कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने संयुक्त रूप से कैलेंडर, पंचांग और स्मारिका का लोकार्पण किया और परिषद के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर मिथिला पंचांग के दाता मनोज ठाकुर सहित अन्य सहयोगियों को परिषद की ओर से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सहयोगियों के योगदान से ही मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सहायता मिलती है।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और साहित्यिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा प्रकाशित कैलेंडर, पंचांग और स्मारिका समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम का समापन भगवती वंदना एवं प्रसाद वितरण के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मिथिला संस्कृति के प्रति अपनी आस्था और समर्पण व्यक्त किया।


