Mango water crisis: मानगो एनएच-33 स्थित सहारा सिटी के सामने नाला निर्माण कार्य के लिए की जा रही खुदाई के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। NHAI द्वारा संचालित इस कार्य में JCB ने मानगो जलापूर्ति की मुख्य पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत पैदा हो गई। देर शाम तक हजारों लोग पानी की बूंद-बूंद को तरसते रहे।
मुख्य पाइपलाइन टूटने से लगभग पांच हजार घरों में जलापूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है। कुमरूम बस्ती, समता नगर, मंगल कॉलोनी, झारखंड बस्ती, परमेश्वर कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, चंद्रावती नगर और पारडीह के कई हिस्सों में नल सूखे पड़े रहे। प्रभावित टंकी जॉन नंबर-1 की है, जिसकी क्षमता करीब 25 लाख लीटर है। जलापूर्ति बाधित होने से स्थानीय लोगों में नाराज़गी और चिंता दोनों बढ़ती जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही माननीय विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि संतोष भगत तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पूरा विवरण विधायक को अवगत कराया, जिसके बाद विधायक सरयू राय ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि पाइपलाइन की मरम्मत तत्काल की जाए और जलापूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए।
घटनास्थल पर मानगो नगर निगम के AE अमित आनंद और पीएचईडी के कर्मचारी मौजूद रहे। तकनीकी टीमों ने पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही मुख्य लाइन को ठीक कर जलापूर्ति को सामान्य किया जाएगा।


