Mango Development Boost: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में शहरी विकास को गति देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सोमवार को नगर विकास विभाग के सहयोग से तैयार की गई 54 विकास योजनाओं का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम मानगो नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कुल 6 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली योजनाओं की आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम के दौरान मानगो नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग के मद से खरीदी गई 25 ऑटो टिपर गाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों की खरीद पर लगभग 3 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों के परिचालन से क्षेत्र में नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित होगा और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार आएगा।
इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने संबोधन में कहा कि पहले मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) के रूप में जाना जाता था, जिसके कारण यहां विकास कार्यों के लिए अपेक्षित सरकारी फंड नहीं मिल पाता था। उन्होंने बताया कि मानगो को नगर निगम का दर्जा दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसमें कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता का व्यापक सहयोग मिला। कई आंदोलनों और जनसंघर्षों के बाद आखिरकार मानगो अक्षेस को नगर निगम का स्वरूप मिला।
सरयू राय ने आगे कहा कि अब मानगो नगर निगम में निर्वाचित प्रतिनिधियों की संस्था (इलेक्टेड बॉडी) बनने से विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे न सिर्फ फंड में बढ़ोतरी होगी, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी और मानगो क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सकेगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


