Mahalaya Celebrations Jamshedpur: शारदीय नवरात्र के आगमन से ठीक एक दिन पूर्व रविवार को पूरे देश के साथ-साथ जमशेदपुर में भी महालया का पर्व पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट की ओर से पारंपरिक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें देवी दुर्गा के स्वागत के लिए संपूर्ण क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
सुबह के समय जैसे ही महालया गीतों की गूंज इलाके में फैली, पूरा जुगसलाई देवीमयी वातावरण में तब्दील हो गया। दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट के महिला और पुरुष सदस्य पारंपरिक परिधानों में देवी गीतों के साथ सड़कों पर निकले और क्षेत्र में घूमकर मां दुर्गा के आगमन का संदेश दिया।
महालया पर विशेष पूजा‚ नवरात्र की तैयारियों की शुरुआत
महालया, हिंदू पंचांग के अनुसार अश्विन माह की अमावस्या को मनाया जाता है, जो शारदीय नवरात्र की पूर्व संध्या मानी जाती है। इस दिन मां दुर्गा के पृथ्वी पर आगमन की प्रतीकात्मक शुरुआत होती है। श्रद्धालु इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और शांति की कामना करते हैं।
संस्कृति और आस्था का संगम‚ जुटे सैकड़ों श्रद्धालु
दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट के ट्रस्टी शम्भू नाथ बोस ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रभात फेरी का आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। उन्होंने कहा, “महालया सिर्फ एक धार्मिक अवसर नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपरा और एकता का प्रतीक है।”
प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र में भक्ति भाव, मंत्रोच्चार और महालया के पारंपरिक गीतों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजकों द्वारा क्षेत्र में साफ-सफाई और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया।