Kalash Yatra 2026: जे पी स्कूल के प्रांगण में दिनांक 6 और 7 जनवरी 2026 को नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आध्यात्मिक आयोजन को लेकर जय प्रकाश स्कूल ट्रस्ट की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन के तहत धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
महायज्ञ की पूर्व तैयारी के अंतर्गत जय प्रकाश स्कूल ट्रस्ट की ओर से 151 कुमारी कन्याओं के बीच साड़ी का वितरण किया गया। इस पहल को सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
इस नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ 6 जनवरी 2026 को भव्य और दिव्य कलश यात्रा से होगा। इस वर्ष आयोजित कलश यात्रा में करीब 2100 श्रद्धालु कलश उठाकर शामिल होंगे। कलश यात्रा जे पी स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी तक जाएगी, जहां श्रद्धालु विधिवत जल भरेंगे। जल संकल्प के पश्चात श्रद्धालु पुनः जे पी स्कूल प्रांगण में पहुंचेंगे, जहां कलश की पूजा, आरती और संध्या आराधना का आयोजन किया जाएगा।
दिनांक 7 जनवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ विधिवत प्रारंभ होगा, जो दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक चलेगा। इस यज्ञ को भव्य एवं शास्त्रोक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार से आए परोहितों तथा शक्ति पीठ गोल पहाड़ी की टोली विशेष रूप से भाग लेगी। दोपहर 1 बजकर 30 मिनट से महाभोग का आयोजन किया जाएगा।
महायज्ञ के बाद दोपहर 2 बजे से जे पी विद्यालय का 38वां स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम का समापन संध्या 5 बजे से दीप महायज्ञ के साथ किया जाएगा, जिसके साथ नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का विधिवत समापन होगा।


