Jugsalai Fire Incident: जुगसलाई में टायर गोदाम में आग‚ इलाके में अफरा-तफरी

Jugsalai Fire Incident: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत फाटक गोलचक्कर रेलवे ट्रैक के पास स्थित एक टायर गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटें और धुएं का घना गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत

Facebook
X
WhatsApp

Jugsalai Fire Incident: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत फाटक गोलचक्कर रेलवे ट्रैक के पास स्थित एक टायर गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटें और धुएं का घना गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा फाटक गोलचक्कर के समीप फुटपाथ पर लगी टायर दुकानों को पहले ही हटवा दिया गया था। इसके बाद दुकानदारों ने अपने टायर रेलवे बाउंड्री के पीछे अस्थायी रूप से जमा कर रखे थे। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं जमा किए गए टायरों में अचानक आग लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। टायरों में लगी आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन भी मौके पर बुलाए गए हैं।

गौरतलब है कि इसी मार्ग से होकर सोमवार को राष्ट्रपति का काफिला करनडीह स्थित जाहेरथान की ओर जाने वाला है। ऐसे में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। एहतियातन पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

TAGS
digitalwithsandip.com