Jharkhand handball team: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 24 से 29 सितम्बर 2025 तक आयोजित होने जा रही 17वीं मिनी एच.एफ.आई. (HFI) राष्ट्रीय बालक एवं बालिका हैंडबॉल चैम्पियनशिप में झारखंड की टीम भी शिरकत कर रही है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है, जिसमें देश भर की राज्य स्तरीय टीमें भाग लेंगी।
कोचों के मार्गदर्शन में मेहनत कर रहे खिलाड़ी
झारखंड की बालक एवं बालिका टीम को जमशेदपुर के सेंट मैरीज़ हिन्दी हाई स्कूल के कोच सैयद अज़हर हुसैन तथा आर.एम.एस. हाई स्कूल, खुताडीह के खेल शिक्षक साहब अली प्रशिक्षण दे रहे हैं। दोनों कोचों के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने विगत कुछ सप्ताहों से सघन अभ्यास किया है।
टीम की घोषणा‚ चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी
झारखंड टीम की घोषणा कर दी गई है, जिसमें विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली बालक और बालिकाएं शामिल की गई हैं।
बालक टीम की कमान किशन कुमार साव (जमशेदपुर) को सौंपी गई है जबकि उपकप्तान अफ़्फ़ान खान (ईस्ट सिंहभूम) को बनाया गया है। अन्य खिलाड़ियों में अभिमन्यु कुमार (सरायकेला), प्रकाश कुमार, अनुपम कुमार (ईस्ट सिंहभूम), के. आदि नारायण, ध्रुव गौंडर (वेस्ट सिंहभूम), शिवम, प्रेम, अभय (रांची) जैसे नाम शामिल हैं।
बालिका टीम की कप्तान रचना महापात्र (ईस्ट सिंहभूम) और उपकप्तान पायल कुमारी (ईस्ट सिंहभूम) होंगी। इनके अलावा टीम में पायल बोराल, लवली कुमारी महतो, मानसी कुमारी, अर्पिता कुमारी (सरायकेला), अमृता कुमारी, पाखी सारंगी (जमशेदपुर), राजलक्ष्मी महतो और नैंसी यादव (ईस्ट सिंहभूम) शामिल हैं।
विद्यालयों व संगठन से मिला समर्थन
प्रतियोगिता के सचिव श्री खुर्शीद खान ने बताया कि खिलाड़ियों ने काफी मेहनत की है और कोचों ने उन्हें समर्पित प्रशिक्षण दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड की टीम इस बार शानदार प्रदर्शन करेगी और राज्य का नाम रोशन करेगी।
सेंट मैरीज़ हिन्दी हाई स्कूल की प्राचार्या सिस्टर जॉयस कुल्लू तथा ए.सी. उज्ज्वल भविष्य ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल करियर की कामना की।