Jamshedpur Road Tragedy: बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास हादसा‚ 16 वर्षीय किशोरी की मौत

Jamshedpur Road Tragedy: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई

Facebook
X
WhatsApp

Jamshedpur Road Tragedy: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीगोड़ा रेलवे फाटक के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय एक बस सड़क किनारे खड़ी थी। बताया जा रहा है कि बस चालक हैंडब्रेक लगाकर चाय पीने चला गया था। इसी दौरान रेलवे फाटक बंद होने की स्थिति में अचानक बस का हैंडब्रेक फेल हो गया और बस पीछे की ओर लुढ़कने लगी। अनियंत्रित बस ने पास में खड़ी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।

स्कूटी पर सवार किशोरी बस के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजली कुमारी (16 वर्ष) के रूप में हुई है, जो परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा सुभाष टोला की रहने वाली थी। बताया गया कि वह किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए घर से निकली थी।

हादसे के समय अंजली के साथ उसकी चचेरी बहन निधि कुमारी भी मौजूद थी, जिसकी उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल बच्ची को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए लोगों ने सड़क के साथ-साथ रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया, जिससे यातायात और रेल परिचालन प्रभावित हुआ। इसी दौरान भीड़ ने हादसे में शामिल बस में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे बस को भारी नुकसान पहुंचा।

सूचना मिलते ही परसुडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मृतका के परिजन धर्मेंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि फिलहाल उनकी मांग है कि बस मालिक मौके पर आकर उनसे बात करें। इसके बाद ही वे आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर कोई निर्णय लेंगे। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

TAGS
digitalwithsandip.com