Jamshedpur Police: गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई‚ तीन अपराधी दबोचे गए

Jamshedpur Police: जमशेदपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर मानगो थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार और

Facebook
X
WhatsApp

Jamshedpur Police: जमशेदपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर मानगो थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, तीन से चार दिन पूर्व कपाली ओपी क्षेत्र में इन आरोपियों की कुछ युवकों के साथ झड़प हुई थी। इसी घटना का प्रतिशोध लेने के उद्देश्य से आरोपी एक बार फिर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी बीच पुलिस को उनकी गतिविधियों की जानकारी मिल गई।

बीती रात करीब 10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ आपराधिक चरित्र के लोग एनएच-33 स्थित सरोवर हिल होटल के समीप एकत्रित हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां छापेमारी की और मौके से दानिश हुसैन, राशिद अंसारी और गुलाम खान को गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक धारदार हथियार जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो आरोपी किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गुलाम खान का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

मामले को लेकर जमशेदपुर के एसएसपी पियूष पाण्डेय ने पुलिस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शहर की कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

TAGS
digitalwithsandip.com