Jamshedpur Muslim Rally: जमशेदपुर में ईद मिलाद उन नबी के अवसर पर रविवार को लाखों मुस्लिम समाज के लोग जुलूस ए मोहम्मदी में शामिल हुए। तंजीम अहल-ए-सुन्नत व जमात की ओर से आयोजित यह ऐतिहासिक जुलूस मानगो के गांधी मैदान से उलेमाओं और मस्जिदों के इमामों की अगुवाई में शुरू हुआ। उलेमा हजरात नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़ते रहे और उनके पीछे विशाल भीड़ उमड़ पड़ी।
पहला पड़ाव साकची आमबागान मैदान
जुलूस मानगो से निकलकर साकची आमबागान मैदान पहुंचा। यहां उलमा की तकरीर से माहौल गूंज उठा और हाजिरीन ने गहरी आस्था और श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। जुलूस के दौरान जगह-जगह मोटरसाइकिल और ट्रकों का लंबा काफिला दिखाई दिया, जिसने पूरे कार्यक्रम को भव्य रूप दिया।
धातकीडीह मैदान में हुआ समापन
साकची से होते हुए जुलूस धातकीडीह सेंट्रल मैदान पहुंचा, जहां इसकी समाप्ति की घोषणा की गई। यहां श्रद्धालुओं ने हुजूर-ए-पाक की शान में दुआएं मांगीं और सामूहिक इबादत की।
लंगर और सेवाओं की व्यवस्था
जुलूस में शामिल लोगों के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर लंगर, फल और खाद्य सामग्री वितरण की व्यवस्था की गई थी। इन सेवाओं का आयोजन विभिन्न राजनीतिक संगठनों और मुस्लिम समाज के लोगों ने मिलकर किया। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए और श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से अभिवादन किया गया।