Jamshedpur Homeowners:340 परिवारों का सपना पूरा‚ पीएम आवास योजना के तहत मिली घर की चाबी

हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसके सिर पर अपना घर हो और जमशेदपुर में सैकड़ों परिवारों का यह सपना आखिरकार साकार हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत निर्मित आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम मंगलवार को जमशेदपुर के बिरसानगर मोहरदा में आयोजित किया गया, जहां पहले चरण

Facebook
X
WhatsApp

हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसके सिर पर अपना घर हो और जमशेदपुर में सैकड़ों परिवारों का यह सपना आखिरकार साकार हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत निर्मित आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम मंगलवार को जमशेदपुर के बिरसानगर मोहरदा में आयोजित किया गया, जहां पहले चरण में 340 लाभुकों को उनके फ्लैटों की चाबी सौंपी गई। नए आशियाने में प्रवेश करते ही लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और कई परिवारों ने इसे अपने जीवन का यादगार पल बताया।

बिरसानगर मोहरदा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी मौजूद रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश की रस्म पूरी कराई और उन्हें नए आवास की शुभकामनाएं दीं।

परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैटों का निर्माण किया गया है। इनमें से उन 340 लाभुकों को पहले चरण में फ्लैट की चाबी सौंपी गई, जिन्होंने बैंक की निर्धारित किश्त जमा कर दी है। शेष लाभुकों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगामी चरणों में आवास आवंटित किए जाएंगे।

इस आवासीय परियोजना की आधारशिला तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में रखी गई थी। हालांकि विभिन्न कारणों से निर्माण कार्य पूरा होने में अपेक्षा से अधिक समय लगा, लेकिन अब परियोजना पूरी होने के बाद इसका लाभ जरूरतमंद परिवारों को मिलने लगा है। इससे शहर के कई परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध हुआ है।

TAGS
digitalwithsandip.com