High Security Drill: जमशेदपुर में 29 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राष्ट्रपति के आगमन से पहले सभी सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसी क्रम में रविवार को सोनारी हवाई अड्डे से लेकर करणडीह स्थित दिसोम जाहेरथान और आदित्यपुर के एनआईटी परिसर तक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आ रही हैं। वह रविवार की शाम राजधानी रांची पहुंचेंगी। इसके बाद सोमवार की सुबह वह जमशेदपुर आएंगी, जबकि दौरे के तीसरे दिन गुमला जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरे को लेकर राज्य और जिला स्तर पर उच्च सतर्कता बरती जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सोनारी हवाई अड्डे पर आगमन सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर होगा। यहां से वह सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर करणडीह स्थित दिसोम जाहेरथान पहुंचेंगी। इस कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। इस अवसर पर इंडियन संथाली राइटर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ओल चिकि लिपि के शताब्दी वर्ष समारोह में राष्ट्रपति का संबोधन होगा।
दिसोम जाहेरथान कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे जमशेदपुर परिसदन पहुंचेंगी। इसके पश्चात दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर वह आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में आयोजित दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद राष्ट्रपति दोपहर 3 बजकर 40 मिनट पर सोनारी हवाई अड्डे से राजधानी रांची के लिए प्रस्थान करेंगी।
मॉक ड्रिल और सुरक्षा तैयारियों को लेकर कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान करीब ढाई हजार पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 10 आईपीएस अधिकारी और दो आईएएस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में लगाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच महामहिम राष्ट्रपति का कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।


