Gurudwara Dispute: जमशेदपुर। साकची गुरुद्वारा प्रबंधन को लेकर उठे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। वरिष्ठ मीत प्रधान जोगिंदर सिंह ‘जोगी’ ने पहली बार सार्वजनिक रूप से मौजूदा कार्यवाहक प्रधान निशान सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह “स्वयम्भू प्रधान” हैं।
चुनाव परिणाम बनाम चयन प्रक्रिया
जोगी ने कहा कि सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) द्वारा कराए गए चुनाव में हरविंदर सिंह ‘मंटू’ ने 823 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर साकची गुरुद्वारा के प्रधान पद पर कब्जा किया था। इसके बावजूद निशान सिंह केवल कुछ चुनिंदा लोगों के समर्थन से खुद को प्रधान बताकर कार्यालय पर कब्जा जमाए हुए हैं।
आर्थिक अनियमितताओं के आरोप
जोगी ने निशान सिंह पर गुरुद्वारे की आर्थिक व्यवस्था में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में आयोजित 350वीं शहादत स्मृति नगर कीर्तन जागृति यात्रा में भी गुरुद्वारे के पैसों का निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया।
अदालत में मामला लंबित
जोगिंदर सिंह जोगी ने स्पष्ट किया कि इस मामले से जुड़ी याचिका पहले ही उच्च न्यायालय में लंबित है। ऐसे में निशान सिंह का खुद को “प्रधान” कहना पूरी तरह अनुचित है।
संगत को न्याय की उम्मीद
उन्होंने कहा कि निशान सिंह को यह समझना चाहिए कि वे केवल “सेलेक्टेड” प्रधान हैं, जबकि हरविंदर सिंह मंटू असली “इलेक्टेड” प्रधान हैं, जिन्हें पूरी संगत ने चुना है। जोगी ने विश्वास जताया कि न्यायपालिका का फ़ैसला सामने आने के बाद सारा विवाद समाप्त हो जाएगा और सच्चाई उजागर होगी।


