Golmuri Fire: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हिन्दू बस्ती स्थित भारत रेडीमेड कपड़ा गोदाम में बीती रात भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। घटना की सूचना रात लगभग चार बजे दुकान मालिक निहाल को मिली, जिसके बाद वे तुरंत गोदाम पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि दुकान का आधे से अधिक हिस्सा पूरी तरह जल चुका था और अंदर रखा लाखों का कपड़ा राख में बदल चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 12 बजे कुछ अज्ञात युवक गोदाम के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते दिखे थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह आग उन ही युवकों की करतूत हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना स्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
दुकान मालिक निहाल ने बताया कि गोदाम में रखे रेडीमेड कपड़ों की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये थी, जो पूरी तरह जल गए। उन्होंने कहा कि यह दुकान उनके परिवार की वर्षों की मेहनत पर खड़ी हुई थी, जिसे आग ने कुछ ही घंटों में समाप्त कर दिया। निहाल और उनका परिवार इस हादसे से सदमे में है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। आग काफी तेजी से फैल रही थी, जिसके कारण बुझाने में लंबा समय लगा। घटना के बाद गोदाम के आसपास का माहौल तनावपूर्ण बना रहा और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
हिन्दू बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने आरोप लगाया कि गोलमुरी में नशेड़ी गैंग की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में वाहनों के शीशे तोड़ने, झगड़े और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं। लोगों ने आशंका जताई कि वही असामाजिक तत्व आगजनी जैसी घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं।


