Giridih News: गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के जगसिमर निवासी 33 वर्षीय उपेंद्र यादव की मौत रहस्यमय परिस्थितियों में होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। रविवार देर शाम उनका शव फतेपुर से आगे जमुनियाटांड़ के पास सड़क किनारे संदिग्ध स्थिति में पड़ा मिला, जिसके बाद से घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार उपेंद्र यादव रविवार की शाम लगभग 4 बजे बाइक से किसी काम से चतरो गए थे। परिजनों ने बताया कि लगभग 6 बजे तक लगातार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुआ। इससे चिंतित होकर परिवार के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े।
तलाशी के दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि जमुनियाटांड़ के समीप सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह उपेंद्र यादव ही थे। घटना की पुष्टि होते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि उपेंद्र अपनी तीन नाबालिग बेटियों के पिता थे और घर में वे ही मुख्य सहारा थे।
सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हालांकि घटना के 12 घंटे बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह सड़क दुर्घटना है या किसी साजिश के तहत की गई हत्या। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई ऐसा ठोस सबूत नहीं मिला है, जिससे यह तय किया जा सके कि उपेंद्र की मौत कैसे हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा संभव हो पाएगा। इधर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।


