Giridih ATM Theft: बिरसा चौक स्थित एसबीआई एटीएम में चोरी का प्रयास‚ स्थानीय लोगों की सतर्कता से नाकाम

Giridih ATM Theft: गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बिरसा चौक स्थित एसबीआई एटीएम में सोमवार को चोरी का प्रयास उस समय नाकाम हो गया, जब स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण एक युवक रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पकड़ा गया आरोपित चार सदस्यीय गिरोह का हिस्सा बताया जा रहा

Facebook
X
WhatsApp

Giridih ATM Theft: गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बिरसा चौक स्थित एसबीआई एटीएम में सोमवार को चोरी का प्रयास उस समय नाकाम हो गया, जब स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण एक युवक रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पकड़ा गया आरोपित चार सदस्यीय गिरोह का हिस्सा बताया जा रहा है, जबकि उसके तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी है।

घटना उस समय हुई जब पटेल नगर निवासी उमाकांत वाजपेई पैसे निकालने के लिए बिरसा चौक के एसबीआई एटीएम पहुंचे। उन्होंने कार्ड डाला लेकिन राशि की निकासी नहीं हुई। इसके बाद वे पास के दूसरे एटीएम की ओर बढ़ गए।उसी दौरान उनके मोबाइल पर 10,000 रुपये निकासी का संदेश आया, जिससे उन्हें तुरंत पहला एटीएम संदिग्ध लगा और वे वापस लौट आए।

पहले एटीएम पर पहुंचते ही उमाकांत ने देखा कि एक युवक उनके निकाले हुए 10,000 रुपये लेकर तेजी से भागने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।पूछताछ में युवक ने बताया कि वह चार लोगों की टीम के साथ चोरी करने आया था और उसके तीन साथी मौका मिलते ही फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एटीएम मशीन के कैश आउटलेट पर सेलोटेप लगाकर पैसे फंसाने की तरकीब अपनाई थी। योजना यह थी कि ग्राहक के जाते ही मशीन में फंसा पैसा निकाल लिया जाए। इसी तकनीक का इस्तेमाल कर उमाकांत के 10,000 रुपये को फंसाने का प्रयास किया गया था।

स्थानीय लोगों की सजगता और उमाकांत वाजपेई की समझदारी से चोरी का प्रयास विफल हो गया। पकड़े गए युवक को पुलिस हिरासत में ले चुकी है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम से पैसे निकालते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

TAGS
digitalwithsandip.com