Family Dispute Twist: सरायकेला जिले में भाजपा नेता और पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी महादेव महतो तथा उनके बहनोई देवराज महतो के बीच मंगलवार को शुरू हुआ विवाद बुधवार को एक नए मोड़ पर पहुंच गया। अब महादेव की बहन माया महतो सामने आई हैं और उन्होंने अपने पति देवराज महतो सहित ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
माया महतो ने मीडिया से बातचीत में अपने पति द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह पति की लगातार बढ़ती प्रताड़ना से तंग आकर गम्हरिया थाना पहुंची थीं। उनके साथ उनके भाई महादेव महतो और मां भी मौजूद थीं।
माया के अनुसार, जब महादेव महतो उन्हें घर छोड़ने के बाद वापस लौट रहे थे तभी महिंद्रा शोरूम के नजदीक उनके पति देवराज महतो ने दोस्तों के साथ मिलकर महादेव महतो पर जानलेवा हमला किया। इस घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्हें तत्काल इलाज कराना पड़ा।
माया महतो ने कहा कि शादी के बाद से ही उनके पति उन्हें प्रताड़ित करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति न केवल उन्हें बल्कि बच्चों के साथ भी मारपीट करते हैं। कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते की कोशिशें की गईं, लेकिन देवराज महतो के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।माया के अनुसार, प्रताड़ना अब इस हद तक बढ़ चुकी है कि उनके मायके पक्ष पर भी राह चलते हमला किया जाने लगा है।
उधर, भाजपा नेता महादेव महतो ने अपने बहनोई देवराज महतो द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। महादेव ने कहा कि घटना में वही घायल हुए हैं और उनके बहनोई को कैसे चोट लगी, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।उन्होंने दावा किया कि चार लोगों को अकेले पीटना संभव नहीं और पूरे विवाद के पीछे उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और पूरे विवाद की निष्पक्ष जांच की जा रही है।


