Disability Day Drive: अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर कुकडू हाट तोला में विकलांग संरक्षण समिति द्वारा वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष एवं आजसू केंद्रीय सचिव अशोक साव उर्फ़ माझी साव, समिति के अध्यक्ष अरुनेन्द्र नारायण सिन्हा, पूर्व शिक्षक वैद्यनाथ महतो, प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो, बादल महतो, सुनील महतो, बांकीम महतो और कृष्णा पोद्दार सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।इस अवसर पर समिति की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित एक मांगपत्र अंचल अधिकारी के माध्यम से सौंपा गया जिसमें दिव्यांगजन से जुड़ी समस्याओं और उनकी आवश्यकताओं को स्पष्ट रूप से रखा गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरे लाल महतो ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अविभाज्य हिस्सा हैं, लेकिन झारखंड सरकार द्वारा उन्हें पर्याप्त सुविधाएं और सम्मान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन सामान्य व्यक्तियों की तुलना में अधिक संरक्षण और सहूलियतों के हकदार हैं। महतो ने दिव्यांगजन पेंशन को बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की और उपस्थित जनसमूह को संदेश दिया कि वे स्वयं को कभी अक्षम न समझें, क्योंकि दृढ़ संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति से वे समाज में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
अशोक साव उर्फ़ माझी साव ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज की ताकत हैं और उनका संरक्षण करना हर व्यक्ति का मानवीय दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि बेसहारा और जरूरतमंद लोगों का सम्मान मानवता का मूल सिद्धांत है और समाज को दिव्यांगजनों को उचित स्थान देना चाहिए।


