Delhi Blast Impact: दिल्ली में हाल ही में हुए ब्लास्ट के बाद झारखंड के धनबाद जिले की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। जिले में बुधवार से व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस होटल, लॉज, रैन बसेरा से लेकर प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों तक लगातार जांच कर रही है।
धनबाद जिले की सीमाओं पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। झारखंड से सटे पश्चिम बंगाल बॉर्डर पर विशेष वाहन जांच अभियान जारी है। बुधवार को एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर मैथन स्थित डीबूडी चेक पोस्ट पर पुलिस ने गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बंगाल की ओर से आने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई। दोपहिया वाहनों के डिक्की, दस्तावेजों और यात्रियों की भी जांच की जा रही है।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यद्यपि इस चेक पोस्ट पर नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाता है, लेकिन दिल्ली ब्लास्ट के बाद आला अधिकारियों के निर्देश के तहत इस बार जांच और अधिक सघन की गई है।
धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद राज्य मुख्यालय से मिले निर्देशों के आलोक में जिले के सभी थाना प्रभारियों, डीएसपी और ट्रैफिक पुलिस को चौकसी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि “जिले के होटल, लॉज और रैन बसेरों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर लंबे समय से खड़े वाहनों की जांच कर उन्हें हटाया जा रहा है।”


