Cyber Gang Busted: गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई‚ जामताड़ा के मुख्य सरगना समेत पांच गिरफ्तार

Cyber Gang Busted : गिरिडीह। जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जामताड़ा के कुख्यात साइबर सरगना अफताब अंसारी समेत पांच साइबर अपराधियों को गिरिडीह पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह कार्रवाई प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से मिली सूचना के आधार

Facebook
X
WhatsApp

Cyber Gang Busted : गिरिडीह। जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जामताड़ा के कुख्यात साइबर सरगना अफताब अंसारी समेत पांच साइबर अपराधियों को गिरिडीह पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह कार्रवाई प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना के अनुसार, गांडेय थाना क्षेत्र के बघरा रेलवे ओवरब्रिज के पास बालीडीह में कुछ अपराधी मोबाइल कॉल के जरिए ऑनलाइन ठगी कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थल पर छापा मारा और वहां से पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें जामताड़ा निवासी मुख्य सरगना अफताब अंसारी के अलावा देवघर के परवेज अंसारी, तफाजुल अंसारी, तबरेज अंसारी और नियाज अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि ये अपराधी देवघर और जामताड़ा के अन्य गिरोहों से भी जुड़े हुए हैं।

गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे लोगों के मोबाइल पर फर्जी APK फाइलें भेजते थे — जैसे SBI Credit Card Update.apk, RTO E-challan.apk, PM Kisan Yojana.apk और YONO SBI Bank.apk। खुद को बैंक अधिकारी या सरकारी एजेंसी का प्रतिनिधि बताकर ये अपराधी लोगों से OTP लेते थे और फिर उनके बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर कर लेते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से 12 मोबाइल फोन (जिनमें तीन आईफोन शामिल हैं) और 15 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ठगी से प्राप्त धनराशि फर्जी बैंक खातों में जमा कराई जाती थी और बाद में अपराधी आपस में नकद बांट लेते थे।

इस पूरे मामले में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 38/2025 दर्ज की गई है। गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले की पुलिस साइबर अपराध के मामलों में पूरी तरह सतर्क है और जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक, ऐप या कॉल पर भरोसा न करें और किसी भी ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

TAGS
digitalwithsandip.com