Blanket Service Drive: जमशेदपुर में कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से हर हर महादेव सेवा संघ द्वारा संचालित कंबल वितरण अभियान लगातार जारी है। ठंड से बचाव और मानवीय संवेदना के भाव के साथ यह सेवा अभियान शहर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में श्री श्री विजय बजरंग मंदिर, जंबू अखाड़ा प्रांगण (भालूबासा), साकची स्थित संघ कार्यालय सहित कई स्थानों पर जरूरतमंद, असहाय एवं वृद्धजनों के बीच ससम्मान कंबलों का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान संघ के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि यह सेवा ईश्वर की कृपा और समाज के सहयोग से ही संभव हो पा रही है। उन्होंने बताया कि संघ का संकल्प है कि ठंड के इस मौसम में कोई भी असहाय व्यक्ति ठिठुरती रात न गुजारे। इसी उद्देश्य को लेकर संघ पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
अमरप्रीत सिंह काले ने जानकारी दी कि हर हर महादेव सेवा संघ पिछले 25 वर्षों से मानव सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों के साथ-साथ ठंड के मौसम में कंबल वितरण संघ की नियमित सामाजिक पहल का हिस्सा रहा है।
संघ ने आगामी दिनों में शहर से बाहर सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी कंबल वितरण अभियान चलाने की घोषणा की है, ताकि सेवा का लाभ उन जरूरतमंदों तक भी पहुंचे जो अब तक मुख्यधारा की सहायता से दूर हैं।
इस सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के संरक्षक बृजभूषण सिंह, अध्यक्ष सुखविंदर सिंह निक्कू, अखिलेश पांडे, रामकेवल मिश्रा, जूगुन पांडे, सरबजीत सिंह टोबी, अशरफ अली अंसारी, रितिका श्रीवास्तव, शेखर मुखी, सुमन कुमार, पिंटू भिरभरिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। वहीं जंबू अखाड़ा कमेटी के बंटी सिंह, मधुसूदन गोस्वामी, अनिल शर्मा, संजय हजारी, सौरव नंदी, सुमित सिंह, अभिजीत घोष, केशव राव, अशोक दास, रवि विश्वनाथ समेत अन्य सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।


