Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान रथू महतो के रूप में बताई जा रही है. सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है.
निजी कंपनी में चालक का काम करता था युवक
जानकारी के अनुसार, रथू महतो चालक का काम करता था और किसी निजी कंपनी में कार्यरत था. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक मृतक के नाम और पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
परिजनों को हत्या का शक
युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताया है. उन्हें आशंका है कि रथू महतो की हत्या की गई है. हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस इस मामले को हत्या, हादसे या किसी अन्य संभावित कारण से जोड़कर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल घटनास्थल और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.


