राजधानी समेत पूरे राज्य में सर्दी का सितम जारी है। राजधानी व आसपास के जिलों में दिनभर कनकनी बनी रही तो दूसरी ओर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि आगामी दो तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस गिरावट होने की संभावना है। इससे ठंड का असर और बढ़ने की पूरी संभावना है।
राज्य में कई जगहों पर शीतलहर का प्रकोप है तो आसमान के साफ होते ही ठंड का असर भी बढ़ गया है। लगातार बढ़ रही ठंड के कारण राज्य में आठवीं तक की कक्षाएं 13 जनवरी तक बंद कर दी गई हैं।
कांके में 3 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान
राजधानी से सटे कांके के न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटे में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बिरसा एग्रीकल्चर युनिवर्सिटी रांची के कृषि मौसम विभाग के अनुसार 7 जनवरी को कांके का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस था, जो कि 8 जनवरी को घटकर 3 डिग्री सेल्सियस हो गया।
गुरुवार को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और साहिबगंज में कहीं-कहीं घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी में शाम ढलते ही कनकनी का असर बढ़ रहा है। ठंडी हवा बहने से सड़कों पर लोगों की कम आवाजाही देखी जा रही है। बढ़ रही ठंड के बाद भी जिला प्रशासन के द्वारा आमजनों के लिए अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।
ऐसा रहा मौसम
- पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कुछ जगहों पर हल्के दर्जे की वर्षा हुई।
- कुछ जगहों पर हल्के व मध्यम दर्जे के कोहरे का असर भी देखा गया।
- सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस कांके का रिकॉर्ड किया गया।
- राजधानी रांची का अधिकतम 22.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।