झारखंड में लू की चपेट में आने से 27 और आकाशीय बिजली से तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने राज्य में यलो और ऑरेंज दोनों अलर्ट जारी किया है। राज्य के गढ़वा और पलामू इलाके में हीटवेव को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं राज्य के उत्तर पूर्वी, मध्य तथा दक्षिणी भाग में कहीं- कहीं गर्जन के साथ तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया किया गया है। इसके साथ ही 17 जिलों में आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पलामू का पारा 47.4 डिग्री दर्ज किया गया है।
17 जिलों में आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने 4 जून तक के लिए अलर्ट जारी किया है। पलामू के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गयी है लेकिन अब भी पारा 46 डिग्री है, जो सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। गढ़वा और पलामू के इलाके में अब भी हीटवेव का असर है। मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में आकाशीय बिजली और तेज हवा की आशंका जताई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गयी है। राज्य के उत्तर पश्चिमी इलाके में हीटवेव का भी असर है। राज्य में सबसे अधिक तापमान पलामू में 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया बोकारो में सबसे कम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में आई गिरावट
झारखंड के कई ऐसे इलाके हैं जहां के तापमान में गिरावट आयी है। रांची के न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी है। न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री घटकर 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। डालटेनगंज का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस घटने के बाद 31.5 डिग्री हो गया है। राज्य के छह जिले अब भी ऐसे हैं जहां तापमान 40 डिग्री से अधिक है। इनमें चतरा, गढ़वा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में उच्चतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक है। झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए स्पेशल मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि गोड्डा, दुमका और राजमहल में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।