Jharkhand Naxal Crackdown: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा क्षेत्र में एक बार फिर प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) की गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। संगठन के कुख्यात शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोघ अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसव उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ते के साथ सारंडा व कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों के लिए घूम रहे हैं। इन्हीं खुफिया सूचनाओं के आधार पर चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की टीमों द्वारा एक विशेष संयुक्त अभियान दल का गठन किया गया।
गुप्त सूचना से चला ऑपरेशन
चाईबासा के पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को 7 जुलाई 2025 को गुप्त सूचना मिली कि छोटानागरा थाना क्षेत्र के जंगली पहाड़ी इलाकों में नक्सलियों द्वारा विस्फोटक सामग्री छुपाई गई है। इसका उद्देश्य सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाना था। सूचना के बाद तत्काल कोबरा 209 बटालियन और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
बंकरों से मिला भारी विस्फोटक और सामग्री
सुरक्षा बलों ने सभी बंकरों को नष्ट कर दिया और बंकरों से भारी मात्रा में गोला-बारूद व दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की। बरामद विस्फोटकों में इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, सेफ्टी फ्यूज, एरो बम असेंबली, इलेक्ट्रिक वायर, सिरिंज मैकेनिज्म, वॉकी-टॉकी सेट और अन्य घातक उपकरण शामिल थे। इसके अलावा काले और हरे रंग की नक्सली वर्दियां, ऐम्युनिशन पाउच और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय
बरामद किए गए आईईडी को मौके पर ही बम निरोधक दस्ते की सहायता से निष्क्रिय किया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी बनी रही। नक्सलियों की ओर से किसी प्रकार की प्रत्यक्ष झड़प की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में हाई अलर्ट जारी है।