Jamshedpur News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस इलाके में सड़क किनारे दुकान लगाने वाले करीब 39 दुकानदारों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. दुकानदारों का कहना है कि वे करीब 30 वर्षों से इसी जगह दुकान लगाकर अपने परिवार का खर्च चला रहे हैं. सड़क चौड़ीकरण के कारण अब इन दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है. दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जब तक उन्हें उचित वैकल्पिक जगह नहीं मिलती, तब तक हटाने की कार्रवाई रोकी जाए.
30 साल से सड़क किनारे लगा रहे हैं दुकान
मामला ट्यूब कंपनी से लेकर महानंद बस्ती तक सड़क किनारे लगने वाली दुकानों का है. दुकानदारों के मुताबिक, लंबे समय से इसी जगह पर कारोबार कर वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. उनका कहना है कि सड़क चौड़ीकरण जरूरी है, लेकिन दुकानदारों के लिए पहले वैकल्पिक व्यवस्था भी होनी चाहिए.
खाली जमीन पर दुकान लगाने की मांग
दुकानदारों ने बताया कि टाटा स्टील के अधिकारियों ने पहले एक स्थान का निरीक्षण किया था. इससे उन्हें उम्मीद थी कि उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा. बाद में उन्हें कहा गया कि प्रशासन या टाटा स्टील जहां जगह उपलब्ध कराएगा, उन्हें वहीं दुकान लगानी होगी. दुकानदारों का कहना है कि जगह मिलने के साथ यह भी जरूरी है कि वहां ग्राहकों की आवाजाही और बिक्री की संभावना हो.
बिना व्यवस्था हटे तो परिवार पर पड़ेगा असर
दुकानदारों को डर है कि बिना वैकल्पिक जगह दिए उन्हें हटा दिया गया तो उनके परिवारों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा. उनका कहना है कि दुकान ही उनकी आय का मुख्य जरिया है. अचानक दुकान हटने से रोज की कमाई बंद हो जाएगी और परिवार चलाना मुश्किल हो जाएगा.
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. उन्होंने टाटा स्टील की खाली जमीन पर दुकान लगाने की व्यवस्था उपलब्ध कराने का आग्रह किया है. साथ ही दुकानदारों ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे सड़क पर यातायात भी सुचारू रहे और वर्षों से दुकान चला रहे लोगों की रोजी-रोटी भी प्रभावित न हो.


