Jamshedpur News: जलियांवाला बाग एक्सप्रेस रोज चलाने की मांग तेज, नहीं मानी तो टाटानगर स्टेशन पर आंदोलन की चेतावनी

Jamshedpur News: जमशेदपुर के टाटानगर से अमृतसर जाने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय रोज चलाने की मांग तेज हो गई है. इसे लेकर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन को ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल

Facebook
X
WhatsApp

Jamshedpur News: जमशेदपुर के टाटानगर से अमृतसर जाने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय रोज चलाने की मांग तेज हो गई है. इसे लेकर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन को ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ट्रेन के सप्ताह में सिर्फ तीन दिन चलने से जमशेदपुर, कोल्हान और आसपास के यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है.

कोरोना के बाद तीन दिन हुआ परिचालन
कमेटी के सदस्यों के अनुसार, कोरोना काल से पहले जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का टाटानगर से नियमित परिचालन होता था. कोरोना के बाद ट्रेन को सप्ताह में तीन दिनों तक सीमित कर दिया गया. इसका असर उन यात्रियों पर पड़ रहा है, जिन्हें पंजाब और दूसरे राज्यों की यात्रा करनी होती है.

रोजगार से लेकर इलाज तक के लिए करते हैं यात्रा
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, पढ़ाई, इलाज और पारिवारिक काम से पंजाब जाते हैं. ट्रेन के रोज नहीं चलने के कारण यात्रियों को दूसरी ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता है. इससे टिकट मिलने, यात्रा की सुविधा और समय को लेकर परेशानी बढ़ जाती है. कमेटी ने बताया कि इस मांग को लेकर पहले भी कई बार रेल प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है. हर बार सकारात्मक आश्वासन मिला, लेकिन ट्रेन का रोजाना परिचालन शुरू नहीं हुआ.

रोज ट्रेन चलाने की मांग
सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कहा कि जमशेदपुर और आसपास के लाखों यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का दैनिक परिचालन जरूरी है. कमेटी ने रेलवे से मांग की है कि टाटानगर से अमृतसर जाने वाली ट्रेन को तीन दिन के बजाय सातों दिन चलाया जाए.

मांग नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अगर जल्द इस मांग पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया तो जमशेदपुर के नागरिकों और समूह साध संगत के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आंदोलन किया जाएगा. कमेटी ने जरूरत पड़ने पर रेल चक्का जाम करने की भी चेतावनी दी है. साथ ही कहा है कि किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए रेल प्रशासन जिम्मेदार होगा.

TAGS
digitalwithsandip.com