Adityapur News: आदित्यपुर में प्रतिमा विसर्जन घाटों की तैयारी बदहाल, उपायुक्त के निर्देश के बाद भी सुस्त है नगर निगम

Adityapur: आदित्यपुर स्थित जय जयप्रकाश उद्यान में माँ दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की गई समीक्षा बैठक और स्थल निरीक्षण के बावजूद विसर्जन घाटों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। आदित्यपुर नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारी की धीमी गति से स्थानीय लोगों

Facebook
X
WhatsApp
Adityapur News: आदित्यपुर में प्रतिमा विसर्जन घाटों की तैयारी बदहाल, उपायुक्त के निर्देश के बाद भी सुस्त है नगर निगम

Adityapur: आदित्यपुर स्थित जय जयप्रकाश उद्यान में माँ दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की गई समीक्षा बैठक और स्थल निरीक्षण के बावजूद विसर्जन घाटों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। आदित्यपुर नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारी की धीमी गति से स्थानीय लोगों और पूजा समितियों में भारी नाराजगी है।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिया था कि सभी चिन्हित विसर्जन घाटों का निर्माण कार्य ससमय पूर्ण किया जाए। घाटों तक पहुँच पथ के लिए मिट्टी का समतलीकरण, सम्पूर्ण क्षेत्र की साफ-सफाई तथा रात्रि में प्रकाश हेतु समुचित लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

धरातल पर निर्देशों का पालन नहीं

परन्तु प्रशासनिक निर्देश के बाद भी कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घाटों पर केवल औपचारिकता के लिए हल्की मिट्टी डालकर समतल कर दिया गया है।

पिछले वर्ष प्रशासन द्वारा नदी तट तक वाहनों के सुगम आवागमन हेतु स्टोन डस्ट एवं गिट्टी का प्रयोग किया गया था, जिससे फिसलन की समस्या नहीं हुई थी। इस वर्ष मात्र मिट्टी बिछाकर कार्य की इतिश्री कर ली गई है। ऐसी स्थिति में विसर्जन के दिन हल्की वर्षा होने पर भी मार्ग पर अत्यधिक फिसलन होने की सम्भावना है, जिससे बड़े वाहन फिसल सकते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह

विसर्जन स्थल पर वाहनों के घुमाव (टर्निंग) के लिए पर्याप्त स्थान नहीं छोड़ा गया है। बड़े वाहनों एवं ट्रैक्टरों के आवागमन में कठिनाई होगी। घाट के चारों ओर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। प्रकाश व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग का भी अभाव है। सुरक्षा मानकों की इस प्रकार अनदेखी से विसर्जन के दिन किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष निगम की तैयारी नगण्य है। केवल दिखावे के लिए समतलीकरण किया गया है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से माँग की है कि विसर्जन से पूर्व घाटों का पुनः निरीक्षण कर युद्धस्तर पर कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न हो सके।

TAGS
digitalwithsandip.com