Giridih Violence :गिरिडीह जिले के धरियाडीह में दो पक्षों के बीच पथराव की घटना सामने आई है, जिसके बाद इलाके में तनाव कि स्थिती फैल गई है। घटना सोमवार रात कि बताई जा रही है, जब दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
जानकारी मिल रही है कि सुबह के वक्त दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हुई थी, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कर दिया था। लेकिन रात में फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, जिसके बाद पथराव किया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और नगर थाना पुलिस के साथ-साथ मुफ्फसिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हुई। डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अधिकारियों को धरियाडीह भेजने का निर्देश दिया। इलाके में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, डीएसपी नीरज कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने उपद्रवियों की तलाश शुरू की और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि विवाद मामूली था और स्थिति को तुरंत कंट्रोल कर लिया गया है। मामले की पूरी जांच की जा रही है।
कैसे हुआ विवाद
दरअसल सोमवार को गिरिडीह में ईद का जश्न लोग धूमधाम से मना रहे थे, इसी बीच दोपहर में शहर के धरियाडीह इलाके में मामूली विवाद हुआ। जिससे दो समुदायों के लोग आपस में भिड़ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों से पथराव की घटनाएं सामने आईं। इस दौरान नगर थाना पुलिस और डीएसपी नीरज सिंह ने मोर्चा संभाला औऱ कुछ ही समय में माहौल को शांत कर लिया गया।
लेकिन, शाम होते-होते स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई और धरियाडीह में दोनों पक्षों के बीच जमकर रोडबाजी हुई। इस दौरान कई घरों में पथराव हुआ और लगभग 20 मिनट तक दोनों ओर से पथराव जारी रही। इस घटना में दो युवकों के घायल होने की जानकारी मिली है।