Nisha Upadhyay Live: आदित्यपुर के एमआईजी मैदान में शुक्रवार की रात भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति की ओर से आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में प्रसिद्ध भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय ने अपनी मधुर और ऊर्जावान प्रस्तुति से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान निशा उपाध्याय ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी गायकी में शिव भक्ति और भोजपुरी लोकधुनों का अनोखा मिश्रण देखने को मिला। जैसे ही उन्होंने ‘हर हर महादेव’ के जयकारों के बीच अपने भजन शुरू किए, पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
निशा उपाध्याय के सुरों ने ऐसा माहौल बनाया कि दर्शक खुद को रोक न सके। भक्तों ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए उनकी हर प्रस्तुति का आनंद लिया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं ने भी इस आध्यात्मिक शाम का आनंद उठाया।
निशा उपाध्याय भोजपुरी संगीत जगत की एक चर्चित गायिका हैं, जो अपनी जोशीली स्टेज परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं। उनके गीतों में भक्ति के साथ लोकसंस्कृति की झलक भी मिलती है, जिसने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर पूर्व सांसद पी.एन. सिंह, राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू, और पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही समेत अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। उनकी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।