Festive Jamshedpur: जमशेदपुर में दीपावली का उल्लास इस बार हर गली और चौक पर दिखाई दे रहा है। धनतेरस के अवसर पर शनिवार को साकची बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजारों में जबरदस्त रौनक रही, लोग धनतेरस की शुभ बेला में पारंपरिक खरीदारी करने पहुंचे।
साकची, बिष्टुपुर और मानगो बाजारों में लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियाँ, झाड़ू, चांदी के सिक्के, बर्तन, पूजा सामग्री, घर सजावट के सामान और मिट्टी के दीये खरीदना शुभ माना। दुकानों पर रंग-बिरंगे दीयों और इलेक्ट्रिक झालरों की रोशनी ने पूरे बाजार को त्योहार की चमक से भर दिया। व्यापारी ग्राहकों की भीड़ से खासे उत्साहित दिखे और बिक्री में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक वृद्धि दर्ज की जा रही है।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों को साकची मुख्य चौक, मिलानी टॉकीज़ और रिफ्यूजी मार्केट के आसपास तैनात किया गया। शाम के समय पार्किंग स्थलों पर भीड़ बढ़ने के बावजूद व्यवस्था सुचारू रही।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, लंका विजय के बाद जब भगवान श्रीराम अयोध्या लौटे थे, तब अयोध्यावासियों ने उनके स्वागत में दीप प्रज्वलित किए थे। तभी से दीपावली प्रकाश, श्रद्धा और आनंद का पर्व माना जाता है। जमशेदपुर में भी इस परंपरा की झलक साफ देखी जा सकती है—घर-आंगन दीयों और झालरों से सजे हैं, और लोगों में त्योहार का उल्लास चरम पर है।