Ghatshila Voting: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात है और मतदाता शांति के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। शाम पांच बजे तक वोटिंग जारी रहेगी, जिसके बाद सभी ईवीएम सील की जाएंगी। जिले के 300 मतदान केंद्रों में मतदान की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
इस उपचुनाव में कुल 2 लाख 56 हजार 352 मतदाता शामिल हैं, जिनमें पुरुष मतदाता 1 लाख 25 हजार 114 हैं और महिला मतदाता 1 लाख 31 हजार 235 हैं। इस चुनाव में 3 थर्ड जेंडर मतदाता भी अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। इसके अलावा 2738 दिव्यांग मतदाता, 372 सर्विस वोटर, 1 ओवरसीज इलेक्टर और 16,601 युवा मतदाता इस चुनाव में अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं।
मतदान केंद्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी महत्वपूर्ण बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी के तहत हर बूथ पर पेयजल, शौचालय, रैंप और बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए वाहन, व्हीलचेयर और वॉलंटियर की अलग से व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन ने सभी सीमाओं को सील कर दिया है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 10 कंपनियां बूथों पर तैनात की गई हैं ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और निर्बाध बनी रहे। पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और निगरानी टीमों की तैनाती पूरे क्षेत्र में की गई है।
घाटशिला उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। भाजपा ने बाबूलाल सोरेन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सोमेश चंद्र सोरेन को टिकट दिया है। इन दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला कड़ा माना जा रहा है और मतदाताओं की भागीदारी से चुनाव परिणाम पर सीधा प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।


