Bihar school News: मोकामा के सरकारी विद्यालय में बच्चों को पढ़ाई के बजाय फावड़ा थमाया गया‚ स्कूल शिक्षा पर उठे सवाल

Bihar school News: बिहार के बाढ़ अनुमंडल के मोकामा इलाके में स्थित कन्हाइपुर राजकीय मध्य विद्यालय इन दिनों गलत कारणों से सुर्खियों में है। यहां शिक्षा व्यवस्था राम भरोसे चल रही है, और हालात इतने खराब हैं कि क्लासरूम की जगह बच्चों के हाथों में फावड़ा थमा दिया जाता है।

Facebook
X
WhatsApp

Bihar school News: बिहार के बाढ़ अनुमंडल के मोकामा इलाके में स्थित कन्हाइपुर राजकीय मध्य विद्यालय इन दिनों गलत कारणों से सुर्खियों में है। यहां शिक्षा व्यवस्था राम भरोसे चल रही है, और हालात इतने खराब हैं कि क्लासरूम की जगह बच्चों के हाथों में फावड़ा थमा दिया जाता है।

बताया जा रहा है कि स्कूल के मेन गेट पर मिट्टी का बड़ा ढेर जमा था, जिसे हटाने के लिए शिक्षकों ने चौथी कक्षा के बच्चों को आदेश दे दिया। बच्चों ने बताया कि साफ-सफाई के बहाने उन्हें गेट की मिट्टी हटाने को कहा गया, जिसके बाद वे एक घंटे से अधिक समय तक फावड़ा चला रहे थे। क्लास टाइम में उनके हाथों में कलम की जगह कुदाल देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए। इस दौरान स्कूल के मेन गेट को अंदर से ताला लगा दिया गया था, जिससे बाहरी लोगों की नजरों से यह सब बचा रहे।

यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिनों पहले इसी स्कूल का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें छोटे बच्चों और छात्राओं को NH-31 के किनारे सड़क पर ही उठक-बैठक की सजा दी जा रही थी। बताया गया कि स्कूल में देर से आने पर शिक्षक बच्चों को यहीं खड़ा कर दंड देते थे, जिससे उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ी और विरोध के चलते इस अमानवीय दंड पर रोक लगाई गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल में पढ़ाई की जगह बच्चों को जोखिम भरे कार्यों में लगा दिया जाता है, जो साफ तौर पर बालश्रम की श्रेणी में आता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर कब तक शिक्षकों की लापरवाही और अमानवीय व्यवहार यूँ ही चलता रहेगा।

स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की इस रवैये ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था की पोल फिर खोल दी है। यह मामला सिर्फ अनुशासन या साफ-सफाई का नहीं, बल्कि मासूम बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ा है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि दोषी शिक्षकों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई हो और स्कूल के संचालन पर सख्त निगरानी रखी जाए ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।

TAGS
digitalwithsandip.com