Seraikela Liquor Raid: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। सूचना थी कि कुचाई थाना क्षेत्र के लोप्सो गांव के आसपास घने जंगलों में नकली और अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम कुचाई थाना क्षेत्र की ओर रवाना हुई। जैसे ही टीम लोप्सो जंगल में बताए गए स्थान पर पहुंची, वहां मौजूद दो से तीन लोग पुलिस को देखते ही घने जंगल और झाड़ियों की आड़ लेकर फरार हो गए। सशस्त्र बल के जवानों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे और मुश्किल भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे।
पुलिस टीम ने पूरे इलाके को घेरकर मौके पर गहन सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जंगल में संचालित मिनी शराब फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई।बरामद सामान में शामिल थे—प्लास्टिक की बोतलें और जार, जिनमें लाल रंग का तरल पदार्थ भरा हुआ था।200 लीटर क्षमता वाले 8 नीले ड्रम, जिनमें स्प्रिट भरा पाया गया।इन सभी सामग्रियों को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने इस अवैध शराब फैक्ट्री के संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था, शराब के वितरण की चैन कैसी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान भी जारी है।
एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हालत में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जो भी लोग इसमें शामिल पाए जाएंगे, उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


