Ranchi Crime: राजधानी रांची में “बिरयानी” को लेकर हुआ मामूली विवाद शनिवार की देर रात एक जघन्य हत्याकांड में बदल गया। कांके-पिठोरिया रोड स्थित ‘शेफ चौपाटी’ रेस्टोरेंट में “वेज बिरयानी” की जगह “नॉनवेज बिरयानी” देने को लेकर शुरू हुई बहस ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान अपराधियों ने रेस्टोरेंट संचालक विजय कुमार को ताबड़तोड़ गोलियों से भून डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ ग्राहक रेस्टोरेंट पहुंचे और उन्होंने “वेज बिरयानी” का ऑर्डर दिया था। परोसे जाने के बाद जब उन्हें लगा कि बिरयानी “नॉनवेज” है, तो विवाद बढ़ गया। बहस इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई, जिसमें विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायल विजय कुमार को आनन-फानन में रिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रांची ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर मौके पर पहुंचे और कांके थाना पुलिस के साथ जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि हत्या में शामिल अपराधियों की तलाश के लिए राजधानी के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर नाकेबंदी की गई है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
हत्या से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह कांके रोड को जाम कर दिया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया और सामान्य स्थिति बहाल हुई।
इस घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। रेस्टोरेंट के आस-पास के व्यापारियों में भय का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाएगी।