Giridih Cyber Bust: करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा‚ तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार

Giridih Cyber Bust: गिरिडीह पुलिस ने साइबर ठगी के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अपराधियों में गांडेय थाना क्षेत्र के धरलेटो गांव निवासी खुर्शीद अंसारी, देवघर जिले के चेतनारी निवासी आलमगीर अंसारी और

Facebook
X
WhatsApp

Giridih Cyber Bust: गिरिडीह पुलिस ने साइबर ठगी के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अपराधियों में गांडेय थाना क्षेत्र के धरलेटो गांव निवासी खुर्शीद अंसारी, देवघर जिले के चेतनारी निवासी आलमगीर अंसारी और झिलुआ निवासी मो. शराफत अंसारी शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, दो बाइक, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए हैं।

इस पूरे मामले की जानकारी गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से गुप्त सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के कच्छेल गांव अंतर्गत तेलखरी जंगल के आसपास कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद साइबर डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से इलाके में छापेमारी कर तीनों साइबर अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि ये लोग सुनियोजित नेटवर्क के तहत ठगी का काम कर रहे थे और लंबे समय से साइबर अपराध में सक्रिय थे।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर डालकर खुद को विभिन्न सर्विस कंपनियों का कस्टमर केयर अधिकारी बताते थे। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी बनकर लोगों को कॉल करते, बैंकों के वॉलेट के नाम पर फर्जी एपीके फाइल के लिंक भेजते और अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इतना ही नहीं, ये आरोपी अन्य साइबर अपराधियों को फर्जी एटीएम कार्ड और सिम कार्ड भी उपलब्ध कराते थे।

एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में पहले से साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं। मो. शराफत अंसारी के खिलाफ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर थाने में मामला दर्ज है, जिसमें वह पहले जेल भी जा चुका है, जबकि उत्तराखंड के रुद्रपुर थाने में भी उसके खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज है। शराफत अंसारी ने साइबर ठगी के जरिए करीब 60 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की है और उसके पास महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी भी है। वहीं आलमगीर अंसारी ने करीब 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति ठगी के माध्यम से अर्जित की है।

एसपी ने स्पष्ट किया कि गिरिडीह पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और पूरे जिले से इस तरह के अपराध को जड़ से खत्म करने तक अभियान जारी रहेगा। छापेमारी अभियान में साइबर डीएसपी आबिद खान, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, पुलिस निरीक्षक गुंजन कुमार, रामप्रवेश यादव, संजय कुमार मुखियार, अमरनाथ प्रसाद, संदीप कुमार वर्मा समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे।

TAGS
digitalwithsandip.com