Bokaro Theft Busted: बोकारो जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बंद घरों को निशाना बनाकर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का बोकारो पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चिरा चास थाना पुलिस की सक्रिय कार्रवाई में एक शातिर चोर गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसने जिले के सात थाना क्षेत्रों में कुल 44 बंद घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस गिरोह द्वारा घरों में रखे जेवरात, नकदी और कीमती सामान चोरी किए जाते थे।
पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को भी इस मामले में हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी की कई वारदातों का सिलसिलेवार खुलासा हुआ, जिससे जिले में हुई दर्जनों चोरी की घटनाओं का आपस में कनेक्शन सामने आया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने विभिन्न घरों से चुराए गए करीब 90 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख 62 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 5 किलो 300 ग्राम चांदी, जिसकी कीमत करीब 9 लाख 10 हजार रुपये है, 52 हजार 850 रुपये नकद, दो बाइक, एलईडी टीवी, गैस कटर, लैपटॉप, इन्वर्टर सहित कई अन्य कीमती सामान भी बरामद किए गए हैं।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि इस गिरोह ने चिरा चास थाना क्षेत्र में 22, बालीडीह ओपी क्षेत्र में 5, बालीडीह थाना क्षेत्र में 4, चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 2, बीएस सिटी थाना क्षेत्र में 3, सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में 4 और सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में 6 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। सभी वारदातें बंद घरों को चिन्हित कर बेहद कम समय में की जाती थीं।
एसपी ने बताया कि इस गिरोह के लिए धनबाद का एक गिरोह बंद घरों की रेकी कर सूचना देने का काम करता था। सूचना मिलने के बाद आरोपी चंद मिनटों में घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और चोरी के गहनों की बिक्री बोकारो और बिहार के सिवान में की जाती थी।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि इस पूरे मामले के उद्भेदन में चिरा चास थाना पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


