Caste Census/रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा सरकार लगातार वर्षों से जातिगत जनगणना की मांग को नजरअंदाज करती रही है और इसका मजाक उड़ाती रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और विशेष रूप से राहुल गांधी की सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता और निरंतर दबाव के चलते सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा और जातिगत जनगणना की घोषणा करनी पड़ी।कमलेश ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय जनता को भ्रमित करने के लिए कदम उठाती है, लेकिन वास्तविक मुद्दों पर कोई गंभीरता नहीं दिखाती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सामाजिक न्याय की पक्षधर रही है और सभी वर्गों की पहचान और भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस जातिगत जनगणना के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाएगी ताकि हर नागरिक को अपनी पहचान और अधिकार के प्रति जागरूक किया जा सके।