Budget Session\रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन सरहुल पर्व की झलक देखने को मिली। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की पारंपरिक परिधान में सत्र में शामिल हुईं और अपने विशेष परिधान से सबका ध्यान आकर्षित किया।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कैबिनेट के सभी मंत्रियों, पक्ष और विपक्ष के विधायकों को सरहुल पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि प्रकृति पर्व सरहुल के आगमन का संकेत राजधानी रांची में लगे सरना झंडों से मिल रहा है। पूरे राज्य में इस पर्व को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। यह पर्व समाज की सभ्यता, परंपरा और संस्कृति को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे त्योहारों के माध्यम से हमें अपनी खुशियों को अपनों के साथ साझा करना चाहिए और सबको शुभकामनाएं देनी चाहिए।
गौरतलब है कि सरहुल झारखंड का एक प्रमुख आदिवासी पर्व है, जिसमें प्रकृति की पूजा की जाती है। इस अवसर पर विशेष पारंपरिक नृत्य और गीतों का आयोजन किया जाता है, जिससे समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलता है।