Bokaro Gang Rape: झारखंड के बोकारो जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ चार युवकों ने एक महिला के साथ उसके पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म किया। यह घटना 29 मई की रात करीब 8:30 बजे की है, जब पति-पत्नी बाजार से लौट रहे थे।एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि दोनों मजदूर पति-पत्नी सदर अस्पताल परिसर में बन रहे क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण कार्य में मजदूरी करते हैं।उस रात दोनों ने शराब का सेवन भी किया था। इसी दौरान आरोपी विशाल कुमार ने टोटो में घर छोड़ने का बहाना बनाकर दोनों को बैठा लिया।
टोटो चालक कृष्ण कुमार था, जो सीधे उन्हें सेक्टर 12A के एक सुनसान खंडहर स्कूल भवन में ले गया। वहाँ विशाल कुमार, अजय कुमार और साहिल कुमार ने मिलकर महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सबसे पहले विशाल कुमार को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर अन्य तीन आरोपियों को भी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह मामला केवल अपराध नहीं बल्कि पुलिस और सामाजिक संरचना पर भी सवाल खड़ा करता है, जहाँ मजदूर वर्ग की महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस ने मामले में पीड़िता की मेडिकल जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ IPC की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है।
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस तरह के अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर न्यायालय से सज़ा दिलाने का प्रयास होगा।