पाकिस्तान भारतीय मछुआरों के खिलाफ ऑपरेशन चला रहा है। पाकिस्तानी मीडिया ‘द डॉन’ के मुताबिक, 21 मार्च को 7 भारतीय मछुआरे गलत तरीके से पाकिस्तान की समुद्री सीमा में घुसे थे। यहां मछली पकड़ रहे थे।

पाकिस्तान समुद्र सुरक्षा से जुड़ी एजेंसी PMSA ने इन्हें हिरासत में लेने के लिए ऑपरेशन शुरू किया। इस बीच भारतीय मछुआरों से भरी बोट डूब गई। 2 मछुआरे लापता बताए जा रहा हैं। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, PMSA की शिप पाकिस्तान के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन में पेट्रोलिंग कर रही थी। तभी भारतीय मछुआरों की बोट दिखी।
किसी भी देश का एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन आमतौर पर 200 समुद्री मील तक फैला होता है। एक समुद्री मील में 1.852 किमी होता है। यानी 200 समुद्री मील का मतलब 370.4 किमी। EEZ में मौजूद नेचुरल रिसोर्सेज (तेल, गैस और जलीय जंतुओं) पर संबधित देश का अधिकार होता है।

पाकिस्तानियों से बचते समय डूबी बोट
भारतीय मछुआरे अवैध तरीके से पाकिस्तानी सीमा में मछली पकड़ रहे थे। जैसे ही उन्होंने PMSA की शिप को पास आते देखा वो बचने की कोशिश करने लगे। उन्होंने तेजी से बोट को भारतीय समुद्री सीमा के पास ले जाने की कोशिश की। इस दौरान बोट डूब गई। इस बीच शिप ने कई बार मछुआरों को सरेंडर करने की चेतावनी दी थी।
बोट पर चढ़ गए थे पाकिस्तानी नाविक
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, एक समय ऐसा आया जब PMSA के नाविक भारतीय बोट पर चढ़ गए। इस दौरान मछुआरों ने बोट ने स्पीड बढ़ा दी और बोट पाकिस्तानी शिप से टकरा गई। टक्कर के बाद बोट और उस पर सवार सभी लोग डूब गए।
PMSA ने कहा- घटना के दौरान 7 में से 5 मछुआरों और 4 PMSA के नाविकों को बचाया गया। वहीं, 2 मछुआरे लापता हैं। इनकी तलाश जारी है। समुद्र में लापरवाह और गैरकानूनी व्यवहार के साथ ही पाकिस्तानी समुद्र सीमा में अवैध तरीके से मछली पकड़ने के लिए भारतीय मछुआरों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है