Jamshedpur health campaign: सितंबर से 16 अक्टूबर तक मनाए जा रहे 8वें राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत जिले में विशेष उत्साह के साथ हुई। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती संध्या रानी, सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षिका उपस्थित थीं।
जागरूकता रथ करेगा भ्रमण
पोषण रथ जिले के धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। यह टोला-मोहल्लों और हाट-बाजारों में जाकर आमजन को कुपोषण और पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से लोगों को सही खानपान, टीकाकरण, स्वच्छता, डायरिया और अनीमिया की रोकथाम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बच्चों के पोषण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त का संदेश
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रतिभागियों को पोषण शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि कुपोषण जैसी समस्या को दूर करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। इसके लिए जरूरी है कि लोग सही आहार लें, अच्छी आदतें अपनाएं और स्वच्छता पर ध्यान दें। उपायुक्त ने इस अभियान को जन भागीदारी और जन आंदोलन के रूप में सफल बनाने का आह्वान किया।
अभियान का फोकस
इस वर्ष पोषण माह का फोकस महिलाओं, बच्चों और परिवारों के समग्र स्वास्थ्य एवं पोषण पर रखा गया है। इसके लिए मोटापे से मुक्ति, नमक-चीनी-तेल का सीमित सेवन, स्थानीय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा, डिजिटलीकरण, शिशु एवं छोटे बच्चों को खिलाने की पद्धतियां और पुरुषों की सहभागिता को मुख्य विषय बनाया गया है।
प्रतिदिन होंगे कार्यक्रम
17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलने वाले पोषण माह के दौरान जिले में प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाएगा ताकि जिले को शत प्रतिशत कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।


