BJP Protest/जमशेदपुर: झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान—जिसमें उन्होंने शरीयत को संविधान से ऊपर बताया—के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मोर्चा खोल दिया है। मंत्री के बयान को संविधान के खिलाफ करार देते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर इकाई ने सोमवार को विराट आक्रोश मार्च निकालने की घोषणा की है।
साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय से सुबह 10 बजे शुरू होकर यह मार्च उपायुक्त कार्यालय तक जाएगा। इस मार्च में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में झंडे, पोस्टर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे।

भाजपा नेताओं ने इस मार्च को संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने की दिशा में एक जनआंदोलन बताया है। जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह मार्च झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार को यह संदेश देने के लिए निकाला जा रहा है कि भारत केवल संविधान से चलेगा, किसी धर्म विशेष के कानून से नहीं।मार्च के दौरान जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा जिसमें मंत्री हफीजुल के बयान की कड़ी निंदा के साथ उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
आक्रोश मार्च में भाग लेने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार और मीरा मुंडा जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि मार्च का रूट तय कर लिया गया है जो साकची से शुरू होकर बंगाल क्लब गोलचक्कर, होटल दयाल इंटरनेशनल, पुराना कोर्ट मोड़ होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।